दलित मित्र हैं, सीएम योगी आदित्यनाथ- डॉ लालजी प्रसाद निर्मल
डॉ लालजी प्रसाद निर्मल, सभापति, दैवीय आपदा प्रबन्धन एवं जांच समिति
दलित मित्र हैं, सीएम योगी आदित्यनाथ- डॉ लालजी प्रसाद निर्मल
सभापति, दैवीय आपदा प्रबन्धन एवं जांच समिति / सदस्य विधान परिषद एवं उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के पूर्व चेयरमैन डॉ लालजी प्रसाद निर्मल ने पत्रकार वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दलित समाज का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में दलितों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए गए है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ० भीमराव आंबेडकर के सम्मान में प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में उनका चित्र स्थापित कराने का कार्य किया है। लखनऊ के ऐशबाग क्षेत्र में डॉ आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा, पुस्तकालय, संग्रहालय, विपश्यना केन्द्र तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रेक्षागृह विकसित किया जा रहा है।
डॉ निर्मल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा डॉ० आंबेडकर की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवाल एवं छत्र निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में हाथ से मैला उठाने जैसी अमानवीय प्रथा पर प्रभावी रोक लगी है।
उन्होंने कहा कि सीवर सफाई के दौरान किसी सफाई कर्मी की मृत्यु होने की स्थिति में उसके परिजनों को 30 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुआवजे की धनराशि संबंधित संस्था अथवा जिम्मेदार व्यक्ति से वसूल की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्टैंड अप इंडिया योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के लिए 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिला है।