देश भर में डिजिटल अरेस्ट द्वारा करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा
देश भर में डिजिटल अरेस्ट द्वारा करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा
पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर की साइबर सेल ने देश भर में डिजिटल अरेस्ट द्वारा करोड़ों की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क अखिल भारतीय स्तर पर सक्रिय था तथा आंध्र प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र एवं तमिलनाडु सहित आठ राज्यों से संबंधित शिकायतें थी। गिरोह बैंक खातों की ट्रांजैक्शन लिमिट बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से बढ़वाकर बड़ी रकम का तत्काल RTGS एवं NEFT के माध्यम से अन्य खातों में ट्रांसफर करता था। अभियुक्तों द्वारा 16 मोबाइल नंबरों का प्रयोग कर अलग-अलग भाषाओं में लोगों को कॉल कर डिजिटल अरेस्ट किया जाता था।
गिरफ्त में आये अभियुक्त साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर चिन्हित किए गए संदिग्ध खातों का उपयोग कर डिजिटल अरेस्ट के माध्यम से लोगों को डराकर करोड़ों रुपये की ठगी करते थे। पुलिस को जांच में “बालाजी फाउंडेशन” के नाम से आईसीआईसीआई बैंक में संचालित खाते में लगभग ₹10 करोड़ का लेनदेन भी मिले है। नोएडा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी एवं म्यूल खाते खुलवाए जाते थे। मामले को लेकर पुलिस गैंग से जुड़े अन्य सहयोगियों एवं नेटवर्क की जांच कर रही है।