पेंशन भोगियों के घर जाकर नि:शुल्क डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रक्रिया होगी पूरी



पेंशन भोगियों के घर जाकर नि:शुल्क डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रक्रिया होगी पूरी 

देश भर के ईपीएफ पेंशन भोगियों के घर जाकर नि:शुल्क डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रक्रिया पूर्ण कि जा सकेगी। इसको अमली जाम पहनाने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के अंतर्गत पेंशन भोगियों के लिए नि:शुल्क डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डी.एल.सी.) सेवा हेतु इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी किया है। 




अब ईपीएफओ एवं आईपीपीबी द्वारा पेंशन सेवाओं को घर-घर तक पहुँचाते हुए लाखों ईपीएफ पेंशन भोगियों के लिए सहजता, सुविधा एवं सुलभता नि:शुल्क डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तथा पेंशन भोगियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के अंतर्गत पेंशन भोगियों के लिए नि:शुल्क डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डी.एल.सी.) सेवा हेतु इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी किया है।

गौरतलब है कि हर वर्ष पेंशन भोगियों को पेंशन प्राप्ति जारी रखने के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करना आवश्यक होता है। जिसके लिए पेंशन भोगियों को बैंक या ईपीएफओ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जाना पड़ता था, यह प्रक्रिया वृद्धजनों, दिव्यांग व्यक्तियों तथा मृत कर्मचारी के आश्रितों के लिए जटिल एवं श्रमसाध्य थी। वही अब प्रक्रिया का सरलीकरण के बाद डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के माध्यम से अब पेंशन भोगी मोबाइल एप्लिकेशन द्वारा अपना ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र घर बैठे सत्यापित करा सकेंगे जिससे वृद्धजनों, दिव्यांग व्यक्तियों तथा मृत कर्मचारी के आश्रितों को हर वर्ष कार्यालय जाना आवश्यक नहीं पड़ता है।

वही कई पेंशन भोगियों के पास मोबाइल फ़ोन की अनुपलब्धता, डिजिटल साधनों के सीमित ज्ञान तथा तकनीकी प्रक्रियाओं तथा संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाते हुए, नई व्यवस्था के तहत अब पेंशन भोगियों को अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक, डाकघर अथवा ईपीएफओ कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

इसके लिए अब प्रशिक्षित डाकिया एवं ग्रामीण डाक सेवक पेंशन भोगियों के घर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक या बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करेंगे। पेंशन भोगियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए, उक्त सेवा पूर्णतः नि:शुल्क किया गया है तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने का पूरा खर्च ईपीएफओ वहन करेगा।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त, क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर शाहिद इकबाल के अनुसार इस सेवा का लाभ लेने हेतु पेंशनभोगी इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के टोल-फ्री ग्राहक सेवा नंबर 033-22029000 पर संपर्क कर सकते हैं। अनुरोध प्राप्त होने पर संबंधित डाकिया/ग्रामीण डाक सेवक पेंशन भोगी के निवास स्थान पर जाकर आवश्यक विवरण सत्यापित करेंगे तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के अद्यतन करते ही उनका जीवन प्रमाण पत्र स्वतः ईपीएफओ के अभिलेखों में दर्ज हो जाएगा। यह पहल इंडिया पोस्ट के 1.65 लाख से अधिक डाकघरों तथा लगभग 3 लाख डाक सेवा प्रदाताओं के विशाल नेटवर्क के माध्यम से लागू की जाएगी, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक भी पेंशन सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित होगी तथा उन पेंशन भोगियों की कठिनाइयाँ दूर होंगी जो सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुँच पाते। यह पहल देशभर के पेंशन भोगियों के लिए सुगम जीवन, डिजिटल समावेशन तथा निर्बाध पेंशन वितरण के प्रति ईपीएफओ की सतत प्रतिबद्धता दर्शाता है।


इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चकबंदी निरस्तीकरण को लेकर जिलाधिकारी तथा चकबंदी आयुक्त को दिया प्रार्थना पत्र

जानिए बिना माला के कैसे करे मंत्र जाप

क्रोमियम संकट: एनजीटी ने जलापूर्ति पर तत्काल कार्रवाई का दिया निर्देश